
दीपावली और छठ पर घर जाने वालाें की रेलवे स्टेशन पर भीड़ उमड़ेगी। अभी तक कोई स्पेशल ट्रेन न चलने से रुटीन में चलने वाली ट्रेनों पर ही बोेझ रहेगा। इसको देखते हुए रेल प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति न बने इसके लिए प्लेटफार्म के साथ ही जनरल टिकट की बिक्री तक बंद की जा सकती है।
अभी 12 अक्तूबर को पश्चिम बंगाल के बर्धमान रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में फुटओवर ब्रिज पर भगदड़ मचने से करीब एक दर्जन यात्री गंभीर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक महिला यात्री के सीढ़ी पर फिसल कर गिरने के चलते भगदड़ मची थी। ऐसी कोई घटना जम्मू रेल मंडल में न हो इसे लेकर रेल प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
जम्मू रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राघवेंद्र बताते हैं कि त्योहारों पर यात्रियों की संभावित भीड़ के मद्देनजर कटड़ा, जम्मू और पठानकोट में हेल्पडेस्क बनाया जाएगा जो ट्रेनों के आने-जाने और प्लेटफार्म की सटीक जानकारी देंगे। मॉनिटरिंग के लिए हर प्लेटफार्म पर वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहेंगे। प्लेटफार्म पर भीड़ अधिक होने पर यात्रियों को बाहर परिसर में रोकने की व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा जरूरत पड़ी तो प्लेटफार्म टिकट और जनरल टिकटों की बिक्री कुछ देर के लिए बंद की जा सकती है। भीड़ कम होने और प्लेटफार्म खाली होने पर टिकटों की बिक्री फिर शुरू हो जाएगी। पीआरओ ने कहा कि रेलकर्मी और आरपीएफ के जवान तो मुस्तैद रहेंगे ही यात्रियों को भी चाहिए कि वह भी सतर्कता बरतें। कम सामान लेकर सफर करें।



